पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश मैच
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का ग्रुप-ए मुकाबला, जिसमें पाकिस्तान और बांग्लादेश आमने-सामने होने वाले थे, बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया। 27 फरवरी (गुरुवार) को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में यह मैच खेला जाना था, लेकिन भारी बारिश के कारण टॉस तक नहीं हो सका। इस नतीजे के चलते दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। हालांकि, पाकिस्तान और बांग्लादेश पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुके थे।
इससे पहले भी इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। लगातार हो रही बारिश ने टूर्नामेंट के शेड्यूल को भी प्रभावित किया है।
भारत और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचे
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप-ए में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें थीं। न्यूजीलैंड ने अब तक दो मैचों में दो जीत दर्ज कर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। कीवी टीम का नेट रनरेट +0.863 है। भारतीय टीम ने भी दो मुकाबले जीते, लेकिन नेट रनरेट +0.647 होने के कारण वह दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा, जबकि पाकिस्तान अंक तालिका में सबसे नीचे रहा। सेमीफाइनल में कौन सी टीम पहले स्थान पर रहेगी, इसका फैसला 2 मार्च को होगा, जब भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे।
पाकिस्तान-बांग्लादेश का प्रदर्शन
बारिश के कारण बिना खेले 1-1 अंक मिलने से पहले भी पाकिस्तान और बांग्लादेश का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।
बांग्लादेश को भारत ने 6 विकेट से हराया था। तो वहीं न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 5 विकेट से शिकस्त दी थी ।
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रनों से हार का सामना करना पड़ा था । भारत के खिलाफ भी पाकिस्तान की 6 विकेट से करारी हार हुई थी ।
टूर्नामेंट में बिना कोई जीत दर्ज किए दोनों टीमें बाहर हो गईं है ।
अंक तालिका (ग्रुप-ए)
रैंक | टीम | मैच | जीत | हार | अंक | नेट रनरेट |
---|---|---|---|---|---|---|
1 | न्यूजीलैंड | 2 | 2 | 0 | 4 | +0.863 |
2 | भारत | 2 | 2 | 0 | 4 | +0.647 |
3 | बांग्लादेश | 3 | 0 | 2 | 1 | -0.477 |
4 | पाकिस्तान | 3 | 0 | 2 | 1 | -0.785 |
भारत बनाम न्यूजीलैंड
चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 अब अपने नॉकआउट स्टेज की ओर बढ़ रही है। ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं, जबकि ग्रुप-बी से कौन-सी दो टीमें आगे बढ़ेंगी, इसका फैसला आने वाले दिनों में होगा।
अब सभी की नजरें 2 मार्च को होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड मुकाबले पर हैं, जिससे यह तय होगा कि सेमीफाइनल में किसका सामना किससे होगा।