HouseFull 5 हुई रिलीज
बॉलीवुड के कॉमेडी किंग Akshay Kumar (अक्षय कुमार) एक बार फिर अपने सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी हाउसफुल की पांचवीं किस्त के साथ लौटे हैं। लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। Housefull 5 सिर्फ एक कॉमेडी फिल्म नहीं है, बल्कि एक ऐसा सिनेमाई प्रयोग है जिसमें दो अलग-अलग क्लाइमैक्स रखे गए हैं — Housefull 5A और Housefull 5B।
कहानी
कहानी शुरू होती है एक लग्ज़री क्रूज़ शिप से, जहां एक अरबपति (रंजीत) अपनी संपत्ति का वारिस घोषित करता है — नाम है “जॉली”। लेकिन मुसीबत तब शुरू होती है जब पता चलता है कि क्रूज़ पर एक नहीं, तीन जॉली (अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन) मौजूद हैं। तभी अचानक मर्डर हो जाता है, और तीनों जॉली, उनकी गर्लफ्रेंड्स (जैकलीन फर्नांडिस, नरगिस फखरी और सोनम बाजवा) बन जाते हैं शक के घेरे में।
दो एंडिंग्स का ट्विस्ट 5A बनाम 5B
फिल्म को दो वर्जन में रिलीज़ किया गया है — Housefull 5A और Housefull 5B दोनों फिल्मों की शुरुआत से लेकर लगभग 120 मिनट तक की कहानी एक जैसी है, लेकिन अंतिम 20 मिनट में पूरी गाथा बदल जाती है। एक वर्जन में कातिल कोई और है, दूसरे में कोई और। यही ट्विस्ट दर्शकों को दो बार सिनेमाघर लाने की कोशिश करता है।
कॉमेडी का तड़का क्या अब भी है वही जादू?
जहां फिल्म की शुरुआत में कॉमेडी कुछ धीमी लगती है, वहीं अक्षय कुमार के एंट्री करते ही माहौल में ऊर्जा आ जाती है। उनके डायलॉग्स और एक्सप्रेशंस वही पुराने Housefull टच के साथ हैं। रितेश देशमुख हमेशा की तरह शानदार हैं, लेकिन अभिषेक बच्चन इस बार कुछ खास इम्प्रेशन नहीं छोड़ पाते। शरयेस तलपड़े जैसे कॉमेडी किंग का रोल छोटा रख देना थोड़ी निराशा देता है।
इंटरवल के बाद मर्डर मिस्ट्री मोड ऑन
फिल्म का दूसरा हाफ मर्डर मिस्ट्री मोड में शिफ्ट हो जाता है। सस्पेंडेड पुलिस ऑफिसर बाबा (जैकी श्रॉफ) और भिदु (संजय दत्त) की एंट्री के साथ कुछ अच्छे सीन आते हैं। नाना पाटेकर का किरदार भी हंसी का तड़का लगाता है। खास बात ये है कि 5B वर्जन का क्लाइमैक्स ज्यादा मजेदार है और थिएटर में एक साथ हंसी की गूंज सुनाई देती है।
फीमेल स्टार्स का रोल सिर्फ ग्लैमर?
फिल्म की हीरोइन्स — जैकलीन, नर्गिस और सोनम — के किरदार ज्यादा गहराई वाले नहीं हैं। उनका रोल सिर्फ ग्लैमर जोड़ने तक सीमित रहता है, जो आज के दर्शकों को शायद कम पसंद आए। यही वजह है कि फिल्म में महिला पात्रों का योगदान अधूरा महसूस होता है।
कुल मिलाकर हंसी-मजाक की सवारी, लेकिन कुछ अधूरी
Housefull 5 एक एंटरटेनिंग राइड है, लेकिन उसमें वो पुराने पार्ट्स वाली पकड़ नहीं है। ये फिल्म उन दर्शकों के लिए है जो डबल मीनिंग जोक्स और नॉनसेंस कॉमेडी को एन्जॉय करते हैं। दो अलग एंडिंग्स वाला प्रयोग अनोखा जरूर है, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले में और दम होता तो मजा दोगुना हो सकता था।