MS Dhoni का जलवा कायम,चेन्नई की धमाकेदार जीत

MS Dhoni ने कराई चेन्नई की शानदार वापसी

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराकर अपनी हार का सिलसिला तोड़ दिया। इस मुकाबले में चेन्नई के लिए महेंद्र सिंह धोनी का जादू देखने को मिला। धोनी ने 236.36 की शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई के सामने 167 रनों का लक्ष्य रखा था। चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 15 ओवर में 111 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। जीत के लिए आखिरी 5 ओवर में 56 रनों की जरूरत थी। तभी धोनी ने क्रीज पर कदम रखा और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। उन्होंने कई शानदार शॉट्स खेले और दबाव को कम किया।

धोनी ने मात्र 11 गेंदों में 26 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। खास तौर पर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर एक हाथ से लगाया गया उनका छक्का दर्शकों के लिए यादगार रहा। इस पारी के दम पर धोनी ने चेन्नई को जीत दिलाई।

विकेट के पीछे धोनी का कमाल


धोनी ने बल्ले के साथ-साथ विकेटकीपिंग में भी कमाल दिखाया। उन्होंने आयुष बडोनी को स्टंप आउट किया, ऋषभ पंत का शानदार कैच लपका और अब्दुल समद को रन आउट कर लखनऊ की पारी को झटका दिया। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन ने उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का हकदार बनाया।

धोनी ने 2175 दिनों के बाद आईपीएल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। इससे पहले उन्होंने 2019 में यह सम्मान हासिल किया था। यह उनका 18वां प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड था, जो उनकी महानता को और उजागर करता है।

यह जीत न सिर्फ चेन्नई के लिए महत्वपूर्ण थी, बल्कि धोनी के फैंस के लिए भी एक यादगार लम्हा बन गई।

Leave a Comment